जबलपुर। फूटाताल फीडर अंतर्गत विद्युत पोल क्रमांक L68C से L68D के मध्य 70 वर्ष से अधिक पुराने जर्जर तारों को बदलकर नई केबल बिछाने का कार्य पूर्ण हो गया। अधीक्षण अभियंता सिटी सर्किल संजय अरोड़ा तथा कार्यपालन अभियंता पूर्व संभाग हरीश गुप्ता की पहल पर हुए इस सुधार से क्षेत्र को बड़ी राहत मिली। कार्य पूर्ण होने पर रहवासी नीलेंद्र जैन, सजल जैन, प्रवीण जैन, रवि जैन, राजकुमारी जैन, प्रियंका जैन, सात्विक जैन, अनिता जैन, मुकेश जैन, मणि जैन, गोविंद चौरसिया, मुन्नू चौरसिया, कृष्णा तिवारी, मृदुल जैन कालू, रामकिशन चौरसिया, पारस चौरसिया और मंजूषा जैन ने दोनों अधिकारियों का आभार जताया। इस तकनीकी बदलाव से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बन गई है।
सालों पुराना जोखिम टला, सुचारू हुई आपूर्ति व्यवस्था
तकनीकी दल ने जर्जर तारों को हटाकर आधुनिक सुरक्षा मानकों वाली एरियल बंच केबल स्थापित की। इस बदलाव से स्पार्किंग, बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के स्थाई झंझट से मुक्ति मिल गई। बरसात के मौसम में खुले और लटके हुए तारों से राहगीरों पर मंडराने वाला जानलेवा खतरा भी अब खत्म हो गया। नया सिस्टम लोड प्रबंधन को संतुलित रखने के साथ घरेलू उपकरणों को सुरक्षित रखेगा।
विभाग की त्वरित पहल से खिल उठे चेहरे
सड़कों पर वर्षों से लटकते खुले तारों के हटने से इलाके का नक्शा और सौंदर्य बदल गया। लाइनमैनों को फॉल्ट ढूंढने में घंटों मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी और तत्काल समाधान संभव होगा। व्यवस्थित ढांचे से ऊर्जा हानि रुकेगी और अवैध हुकिंग पर भी स्वतः अंकुश लगेगा। व्यापारियों और आम नागरिकों ने विभाग के समन्वय को बुनियादी ढांचे के लिए दूरगामी कदम माना।
