जबलपुर। अपने घर वालों की कोई बात 20 साल की युवती को इतनी नागवार गुजरी की उसने घर छोडऩे का फैसला लेते हुए मानिकपुर में हावड़ा-मुंबई मेल में बैठकर निकल गई. जैसे ही इस बात की जानकारी जबलपुर जीआरपी को लगी, तत्काल ही ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर युवती की तलाश कर उसे सुरक्षित उतारा.
मिली जानकारी के मुताबिक शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) थाना जबलपुर को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती जो मानिकपुर, चित्रकूट अपने परिवारजनों से नाराज होकर ट्रेन क्रमांक 12321 हावड़ा-मुंबई मेल से घर से निकल गई हैं। सूचना पर जीआरपी थाना जबलपुर द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए सूचना के आधार पर ड्यूटीरत स्टाफ द्वारा युवती को तलाश कर थाना जीआरपी जबलपुर लाया गया, जहां महिला आरक्षक आकृति मिश्रा की देखरेख में युवती को सुरक्षित रखा गया।
युवती द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर के आधार पर उसके पिता शिवशंकर शुक्ला मानिकपुर, चित्रकूट से संपर्क किया गया। परिजनों के थाना पहुंचने पर आवश्यक तस्दीक एवं कार्यवाही उपरांत युवती को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, महिला आरक्षक आकृति मिश्रा, प्रधान आरक्षक स्नेह पटेल वीरान महोबिया व प्र आर परशुराम यादव रहे.
