पुलिस के अनुसार मूल रुप से नागौद के तुर्री गांव में रहने वाली मधु सिंह उम्र 35 वर्ष पिछले कुछ वर्षो से अपने पति रोहित सिंह व बेटे के साथ धवारी महादेवा गांव में रह रही है। आज सुबह मधु का पति रोहित से रुपयों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया। बेटे ने किसी तरह दोनों को अलग अलग किया, इसके बाद पति रोहित अपने काम पर चला गया। कुछ देर बाद मधु घर से निकली और नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। रोहित करीब दो घंटे बाद घर आया तो देखा पत्नी मधु घर में नहीं है। रोहित तलाश करते हुए निकला और आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि मधु नदी की ओर जाते हुए देखी गई है। रोहित पुलिस को खबर देकर नदी के पास पहुंच गया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से मधु की तलाश कराई। दो घंटे तक सर्च आपरेशन के बाद मधु को पानी से बाहर निकाला गया, उस वक्त तक मधु की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर पूछताछ की तो दम्पति के बीच बहस होने की बात सामने आई है।