जबलपुर। मध्य प्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन की आवश्यक बैठक संपन्न हुई। इसमें महामंत्री राकेश डी पी पाठक, क्षेत्रीय सचिव पंडित उमाशंकर दुबे, दिनेश दुबे और सतीश गुप्ता सहित प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में संविदा, आउटसोर्स, नियमित, कंपनी कैडर और पेंशनर्स से सतत संवाद बनाकर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया गया। श्री पाठक ने 15 वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मियों को बिना शर्त नियमित करने, आउटसोर्स को नई भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण देने और वेतन विसंगति दूर करने की बात कही। साथ ही सीपीसीटी छूट से अनुकंपा व पदोन्नति देने, दशहरा से पहले महंगाई भत्ता व राहत भुगतान और पेंशन गारंटी की मांग रखी। इसी दौरान लखनऊ में उप मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित उमाशंकर दुबे का अभिनंदन किया गया।
15 वर्ष से कार्यरत संविदा कर्मियों का नियमितीकरण हो
ऊर्जा मंत्री, प्रमुख सचिव ऊर्जा और पावर मैनेजमेंट कंपनी के सीएमडी से कर्मचारियों की समस्याओं पर त्वरित फैसले लेने का आग्रह किया गया। पात्रता परीक्षा पास कर सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों को बिना किसी नई परीक्षा के नियमित सेवा में शामिल करना न्यायसंगत होगा। विद्युत कंपनियों में होने वाली आगामी सभी सीधी भर्तियों में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए आधा हिस्सा सुरक्षित रखा जाए। विभिन्न संवर्गों में वेतन विसंगतियों के कारण कर्मचारियों में असंतोष है, जिसका तत्काल निराकरण होना जरूरी है। कंप्यूटर दक्षता प्रमाणीकरण परीक्षा अर्थात सीपीसीटी की अनिवार्यता समाप्त कर देने से अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का तेजी से निपटारा हो सकेगा। इससे वरिष्ठ कर्मियों की पदोन्नति का रास्ता भी साफ होगा। शासन सभी बिजली कंपनियों के कर्मियों हेतु सुनिश्चित पेंशन की जवाबदेही ले।
दशहरा पर्व से पहले महंगाई भत्ते का भुगतान
प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की गई कि नियमित कार्मिकों और पेंशनर्स को देय महंगाई भत्ता तथा महंगाई राहत की लंबित राशि का एकमुश्त आदेश जारी किया जाए। परिवार पेंशन राहत की राशि भी त्यौहार के पूर्व खातों में पहुंचने से लाखों परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। बैठक में लखनऊ के राष्ट्रीय धर्म ज्योतिष सम्मेलन 2026 में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा सम्मानित क्षेत्रीय सचिव पंडित उमाशंकर दुबे का शाल, श्रीफल व पुष्पमाला से स्वागत हुआ। श्री दुबे ने सभी को फेडरेशन के साथ एकजुट रहने का संकल्प दिलाया। बैठक को मनोज पाठक, मोहित पटेल, योगेश पटेल और अक्षय श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। अवनीश तिवारी, राजेश मिश्रा, अजय चौबे, दिलीप पाठक, बी एम तिवारी, एस के यादव, आर के वर्मा तथा जी डी यादव ने विचार व्यक्त किए।
