khabar abhi tak

पति के साथ पुणे जाने की जिद पर झगड़ा, पत्नी ने जिला अस्पताल की चौथी मंजिल से लगाई छलांग

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी शासकीय जिला अस्पताल में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माणाधीन नई बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर चढ़ी एक महिला ने सबके सामने छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान अस्पताल स्टाफ, स्वजन और मौजूद लोग उसे लगातार नीचे उतरने की समझाइश देते रहे, लेकिन महिला ने अचानक छलांग लगा दी।

जानकारी के मुताबिक इंद्रा ज्योति कॉलोनी माधवनगर निवासी दुर्गा वंशकार पति संतोष वंशकार, 45 साल अपने पति से घरेलू विवाद के बाद जिला अस्पताल पहुंची और निर्माणाधीन चार मंजिला भवन पर चढ़ गई। महिला को ऊंचाई पर खड़ा देख अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

महिला को समझाने की कोशिश की

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड और पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 30 मिनट तक महिला को समझाने का प्रयास चलता रहा। स्वजन भी उसे नीचे उतरने समझाते रहे, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और अचानक चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने बिना देर किए उसे उठाकर आकस्मिक चिकित्सा में पहुंचाया, जिससे समय रहते उपचार शुरू हो सका है। महिला की सास मलती बाई वंशकार ने बताया कि दुर्गा अपने पति के साथ पुणे जाने की जिद कर रही थी। दूसरी ओर बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण उसका पति फिलहाल ले जाने को तैयार नहीं था।

चोटों की जांच कराई जा रही है

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद नाराज होकर वह जिला अस्पताल पहुंची और यह कदम उठा लिया। जिला सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि महिला को तत्काल भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत सामान्य है, लेकिन ऊंचाई से गिरने के कारण अंदरूनी चोटों और फ्रैक्चर की जांच कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak