khabar abhi tak

जबलपुर : शहर में ई-रिक्शा के संचालन के लिए बनेगा सख्त एक्शन प्लान

तीन जोन में बंटेंगे 9 हजार ई-रिक्शा, अलग-अलग रंगों से होगी रूट की पहचान

जबलपुर। शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ई-रिक्शा और उनसे बिगडऩे वाली यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने मिलकर बड़ा कदम उठाया है। दोनों विभागों ने संयुक्त रूप से एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत शहर में चल रहे करीब 9 हजार ई-रिक्शा के संचालन को पूरी तरह अनुशासित किया जाएगा। 

वर्तमान में शहर के किसी भी हिस्से में ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन चलाने के कारण प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या से आम नागरिकों को निजात दिलाने के लिए पूरे शहर को तीन अलग-अलग यातायात जोन में विभाजित किया जा रहा है। यह व्यवस्था तीन डीएसपी यातायात के कार्यक्षेत्रों के अनुसार तय की जा रही है, ताकि प्रशासनिक स्तर पर निगरानी रखना बेहद आसान हो सके।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकु शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी योजना का मकसद चालकों को परेशान करना कतई नहीं है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन को व्यवस्थित स्वरूप देना है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक जोन के ई-रिक्शा के लिए अलग रंग कोड निर्धारित किया जाएगा। इससे सड़क पर दूर से ही यह पहचानना आसान हो जाएगा कि कौन सा ई-रिक्शा किस निर्धारित क्षेत्र का है। यदि कोई चालक अपने तय जोन से बाहर जाकर ई-रिक्शा चलाते हुए पाया जाएगा, तो उस पर तत्काल नियम सम्मत चालानी कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े होकर अनियंत्रित रूप से सवारी भरने की आदत पर भी रोक लगाई जाएगी। इसके लिए तय स्टॉपेज और पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। अत्यधिक यातायात दबाव वाले संवेदनशील मार्गों पर ई-रिक्शा के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा।

इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य रूप से पांच आधार तय किए गए हैं, जिनमें जोन का सीमांकन, रूटों का निर्धारण, तीन रंगों की कोडिंग, अधिकृत पार्किंग स्थल और प्रतिबंधित क्षेत्रों की घोषणा शामिल है। इस रूपरेखा को अंतिम रूप देकर जल्द ही धरातल पर लागू किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौट सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak