khabar abhi tak

एमपी : बुजुर्ग की पीठ पर सवार होने वाला पटवारी सस्पेंड, कलेक्टर ने लिया एक्शन

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम माटा में बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर पानी भरे गड्ढे को पार करने वाले पटवारी का वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय गांव पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपद बनास प्रिया पाठक ने हल्का माटा के पटवारी नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रथम दृष्टया असंवेदनशील एवं अपमानजनक व्यवहार पाए जाने पर मप्र सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने जनसुनवाई में शिकायत की थी कि पटवारी द्वारा शासकीय पट्टा, पीएम किसान सम्मान निधि, जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र जैसे कार्यों के लिए सेवा शुल्क मांगा जा रहा है। वायरल वीडियो के बाद इन शिकायतों को भी जांच में शामिल किया गया है।

क्या है पूरा मामला

ग्राम माटा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में हल्का पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर पानी से भरे गड्ढे को पार करते दिख रहा है। बुजुर्ग कीचड़-पानी में चल रहा है और पटवारी उसकी पीठ पर बैठा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और इसे मानवता को शर्मसार करने वाला बताया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर जनसुनवाई में पटवारी पर अवैध वसूली के भी आरोप लगाए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak