![]() |
| फाइल फोटो |
जबलपुर। बरगी बांध में लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। 2 सितंबर की सुबह 8 बजे बांध की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें जलाशय का जलस्तर 421.85 मीटर दर्ज हुआ और कुल भराव क्षमता 93.33 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में कैचमेंट एरिया से 707 क्यूमेक पानी की तेज आवक बनी हुई है। मौसम विभाग के बारिश संबंधी पूर्वानुमान और आगामी जलभराव के दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 3 सितंबर की सुबह 11 बजे बांध के 5 गेट 1.00 मीटर की ऊंचाई तक खोले जा सकते हैं। इस निकासी से 760 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा, जिसके चलते नर्मदा के तटीय घाटों पर पानी का स्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की पूरी संभावना है।
गेट खुलने से नर्मदा घाटों पर बढ़ेगा पानी
नर्मदा नदी के किनारे बसे निचले इलाकों और सभी प्रमुख घाटों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जल निकासी की यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह मौसम के रुख और पानी के नए इनफ्लो पर निर्भर करेगी। यदि आवक में कमी या बढ़ोतरी होती है, तो गेटों की संख्या और डिस्चार्ज की मात्रा में तुरंत बदलाव किया जाएगा।
जल आवक के आधार पर तय होगी निकासी
परियोजना से जुड़े तकनीकी अधिकारियों की टीम बांध के नियंत्रण कक्ष से पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने आम जनता और स्नानार्थियों से अपील की है कि वे संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए नर्मदा के गहरे पानी और डूब वाले किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
