khabar abhi tak

रात में घूमने निकले युवक की सुबह उफनाती हिरन नदी में मिली लाश..!

जबलपुर। सिहोरा थानान्तर्गत ग्राम गाड़ा मझगवां स्थित उफनाती हिरन नदी में आज सुबह अशोक कोल नामक युवक की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। अशोक कोल रात को घर से घूमने का कहकर निकला था, सुबह  उसकी लाश मिलने को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। 

                                   पुलिस के अनुसार ग्राम गाड़ा मझगवां निवासी अशोक पिता जवाहर कोल उम्र 35 वर्ष बीती रात खाना खाने के बाद परिजनों से यह कहकर निकला कि वह दोस्तों के साथ घूमने के लिए जा रहा है। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। अशोक के घर न आने से परिजन चितिंत हो गए, उन्होने अपने स्तर पर अशोक की तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नही चल सका। आज सुबह जब ग्रामीण हिरन नदी के गाड़ा घाट पर पहुंचे तो उन्होने अशोक की लाश पानी में उतराते देखी। अशोक की लाश मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, परिजनों सहित गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए, जिनकी सूचना पर पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए, जिन्होने ग्रामीणों की मदद से शव को निकलवाकर पूछताछ की, इस दौरान परिजनों ने कहा कि अशोक को मिर्गी के दौरे आते थे। आशंका है कि नदी के पास उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा। इसी वजह से वह पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। वहीं गांव में घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में जो भी तथ्य सामने आएगें उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak