पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हीरापुर बंधा में हक्कू भूमिया का छोटा बेटा कृष्णा शराब पीकर घर पहुंचा और बड़े भाई प्रकाश से जल्दी खाना देने के लिए जिद करने लगा। बड़े भाई प्रकाश ने यह कहते हुए शांत करा दिया कि अभी खाना बन रहा है, इसके बाद देगें। इतना सुनते ही कृष्णा गाली गलौज करने लगा, छोटे भाई द्वारा गाली गलौज सुनकर भड़के बड़े भाई प्रकाश ने उसी हंसिए से कृष्णा पर हमला कर दिया, जिससे वह सब्जी काट रहा था। प्रकाश द्वारा किए गए हमले में कृष्णा के सिर, चेहरे, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई। हमला होते ही कृष्णा चीख पड़ा, शोर सुनकर परिजनों सहित आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्हे देख हमलावर प्रकाश भाग निकला। वहीं सभी लोगों ने खून से लथपथ कृष्णा को उठाकर शासकीय मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर घायल कृष्णा की हालत को देखते हुए भरती कर लिया है। वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद प्रकाश भूमिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।पुलिस की टीमें आरोपी प्रकाश को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।