जबलपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जबलपुर प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने सनातन एकता और राष्ट्रवाद को लेकर प्रस्तावित अपनी विशाल पदयात्रा व रथ यात्रा का खाका पेश किया। उन्होंने देशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि सनातन समाज को जात.पात के बंधनों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होना होगा। जब भारत का सनातनी एक होगा, तभी देश सशक्त बनेगा और सनातन की क्रांति से ही विश्व में शांति की स्थापना संभव है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि सनातन एकता के महाअभियान के तहत 5 दिनों में 500 किलोमीटर की संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यह भव्य रथ यात्रा मध्य प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, सागर और दमोह जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान चार प्रमुख स्थलों पर रात्रि विश्राम के साथ संकटनाशन हनुमान हवन का आयोजन होगा। यात्रा में जुटने वाले लाखों श्रद्धालु अखंड भारत और सनातन एकता की शपथ लेंगे।
