15 अक्टूबर को होगा मतदान और उसी दिन परिणाम, लाइब्रेरी सचिव व दो कार्यकारिणी पद आरक्षित
जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनावी कार्यक्रम की अधिकृत घोषणा कर दी गई है। इस बार के चुनाव में बार एसोसिएशन के इतिहास में पहली बार महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 3 महत्वपूर्ण पद आरक्षित किए गए हैं। इन आरक्षित पदों में पुस्तकालय सचिव का एक पद और कार्यकारिणी सदस्य के 2 पद शामिल किए गए हैं। बार एसोसिएशन द्वारा जारी अधिकृत चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 15 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। मतदान समाप्त होते ही उसी दिन वोटों की गिनती कर चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया के तहत 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके आधार पर लगभग 500 पंजीकृत अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
5 और 6 अक्टूबर को जमा होंगे नामांकन पत्र, 7 को होगी स्क्रूटनी
हाई कोर्ट परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान स्थाई समिति के चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज शर्मा और मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश पांडे ने पूरी चुनावी रूपरेखा मीडिया के सामने रखी। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, पुस्तकालय सचिव के अलावा 5 कार्यकारिणी सदस्यों के पदों पर विधिवत चुनाव कराया जाएगा। चुनाव के लिए 5 एवं 6 अक्टूबर को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच होगी, जबकि 8 अक्टूबर को नाम वापसी का समय तय किया गया है। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरा कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महिला अधिवक्ताओं के लिए पद आरक्षित किए जाने के निर्णय का बार के सदस्यों ने व्यापक स्तर पर स्वागत किया है। इस पत्रकार वार्ता के दौरान सहायक चुनाव अधिकारी राजेन्द्र जायसवाल और अधिवक्ता चंचल शर्मा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
