जबलपुर। एमपी के जबलपुर शहर के सेंट्रल ऑर्डनेंस डिपो (सीओडी) तिराहा स्थित एक मिठाई दुकान में रंगदारी और अवैध वसूली को लेकर दबंगों ने जमकर उपद्व मचाया। वसूली का विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान संचालक और कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे एक कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि सीओडी तिराहा स्थित प्रसिद्ध मिठाई दुकान के संचालक मुन्ना गुप्ता अपनी दुकान पर मौजूद थे। दुकान संचालक ने बताया कि इसी दौरान गधेरी निवासी अर्जुन यादव, सागर यादव अपने दो अन्य साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और अवैध वसूली की मांग करने लगे। जब दुकान संचालक मुन्ना गुप्ता और कर्मचारियों ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी आगबबूला हो गए और दुकान में तोडफ़ोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले को रोकने और बीच-बचाव करने जब दुकान का कर्मचारी कल्लू कुशवाहा आगे आया, तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कल्लू कुशवाहा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सीओडी तिराहा स्थित मिठाई दुकान संचालक मुन्ना गुप्ता की शिकायत पर गधेरी निवासी अर्जुन यादव, सागर यादव और दो अन्य के खिलाफ अवैध वसूली तथा मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। हमले में कर्मचारी कल्लू कुशवाहा के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
