जबलपुर। हनुमानताल क्षेत्र में मूर्तिकार मनोज सोनकर उर्फ बाबा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी निक्की चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्य आरोपी शुभम मराठा की बहन स्वाती राव उर्फ शीनू और बाबा टोला निवासी सुमित चौधरी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार पंजाव बैंक कॉलोनी निवासी निक्की चौधरी वारदात के समय मुख्य आरोपी शुभम मराठा के साथ मौके पर मौजूद था। जांच के दौरान हत्याकांड में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये रहा मामला
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर की रात मनोज सोनकर मूर्ति बनाने में व्यस्त था। इसी दौरान शुभम मराठा और भरत यादव वहां पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश स्वाती के घर पर तैयार की गई थी। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में मनोज के बेटों अनिकेत और छोटू ने शुभम और स्वाती के भाई बिद्ध मराठा की चाकू मारकर हत्या की थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते मनोज सोनकर को निशाना बनाने की साजिश रचे जाने की बात जांच में सामने आई है।
