khabar abhi tak

रेलवे वेंडर पर बदमाशों ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, इंदिरा मार्केट क्षेत्र में घटना से सनसनी

 

जबलपुर। सिविल लाइन थानान्तर्गत इंदिरा मार्केट के पास रात 8 बजे के लगभग रेलवे में वेंडर मनीष कुमार पटेल पर दो बदमाशों ने उस वक्त चाकू से हमला कर दिया, जब वह अंडे खरीदने के लिए मखीजा मेडिकल स्टोर की ओर जा रहा था। हमले में युवक की पैर, आंख के पास, चेहरे पर गंभीर चोटें आई। सरेराह हमला होते देख क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी। 

                            पुलिस के अनुसार मनीष कुमार पटेल उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम विसिलगवा थाना चुरहट सीधी वर्तमान पता साहनी आनलाईन के नीचे इंदिरा मार्केट रेल्वे में वेंडर का काम करता है। बीती रात 8 बजे के लगभग मनीष  स्टेशन से इंदिरा मार्केट अंडा लेने मखीजा मेडिकल तरफ जा रहा था। जब वह शगुन होटल के सामने पहुंचा तभी स्कूटी से दो बदमाश आए और रास्ता रोककर गाली गलौज करने लगे। मनीष द्वारा विरोध करने पर दोनों ने रुपयों की मांग करते हुए चाकू से हमला करना शुरु कर दिया। अचानक किए गए हमले में मनीष के पैर, चेहरे व आंख के पास चोट आई। हमला होते देख राह चलते लोग रुक गए, जिन्हे देख दोनों हमलावर भाग निकले। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल मनीष को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कम्प मचा रहा, पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।  धारा 118(1), 119(1), 126(2), 296(बी), 351(3), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak