khabar abhi tak

बैंक हड़ताल : रेल कर्मचारी-पेंशनर्स के खाते में शुक्रवार को आ जाएगी सितंबर की पगार

बैंक की हड़ताल के मद्देनजर रेलवे ने अपने कर्मचारियों को सितंबर माह का वेतन 25 सितंबर तक जारी करने का आदेश दिया है। रेल मंडलों के हजारों रेलकर्मियों को शुक्रवार को वेतन मिल जाएगा, जिससे उन्हें त्योहारी सीजन में राहत मिलेगी।

नई दिल्ली। 28 से 30 सितंबर तक देशभर में होनेवाले बैंक हड़ताल के मद्देनजर रेलवे अलर्ट मोड में आ गया है। बैंक हड़ताल से कर्मचारियों का वेतन न अटके, इसके लिए पूर्व मध्य रेल मुख्यालय ने बड़ा आदेश जारी किया है।


बुधवार को जारी आदेश में कहा गया कि हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवा प्रभावित हो सकती हैं। इसे ध्यान में रख कर सितंबर माह के सभी वेतन बिल की प्रक्रिया 25 सितंबर तक हर हाल में पूरी कर अकाउंट को भेज दी जाए। इससे किसी भी कर्मचारी को वेतन में देरी का सामना न करना पड़े।

शुक्रवार को कर्मचारियों के खाते में सितंबर का वेतन पहुंच जाएगा। रेलवे के पेंशनर्स को भी कल पेंशन भुगतान हो जाएगा। रेलवे के इस निर्णय से त्योहारी सीजन में हजारों रेलकर्मी और उनके स्वजन को बड़ी राहत मिलेगी। दुर्गापूजा की खरीदारी समेत अन्य जरूरी काम कर सकेंगे।

झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश तक फैले रेल मंडल में लगभग 26 हजार कर्मचारी सेवारत हैं। धनबाद मंडल के अलावा पूर्व मध्य रेल अन्य सभी मंडल में भी कर्मचारियों के खाते में सितंबर माह का वेतन शुक्रवार को पहुंच जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak