कटनी. जबलपुर रेल खंड के पकरिया स्टेशन के आउटर के पास सोमवार (21 सितम्बर) सुबह चलती ट्रेन से एक यात्री गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा था और झपकी आने से उसका संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक पर मौजूद की-मैन ने उसे देखकर लोको पायलट और गार्ड को अलर्ट किया, जिसके बाद रीवा-जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन को रोककर घायल युवक को कटनी ले जाया गया। जहां से उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है.
गेट के पास बैठा था यात्री, झपकी आने से गिरा
जानकारी के अनुसार, यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा था। सोमवार सुबह पकरिया स्टेशन के आउटर के पास झपकी आने से उसका संतुलन बिगड़ा और वह ट्रैक के किनारे गिर गया। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसी समय ट्रैक की देखरेख कर रहा की-मैन मौके पर मौजूद था। उसने यात्री को खून से लथपथ देखा तो उसे बचाने पहुंचा।
लाल झंडी दिखाकर लोको पायलट को किया अलर्ट
की-मैन ने लाल झंडी और आपातकालीन संकेतों का इस्तेमाल कर पीछे से आ रही 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी के लोको पायलट और गार्ड को अलर्ट किया। इसके बाद लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को आउटर पर रोक दिया। ट्रेन गार्ड ने घायल यात्री को गार्ड ब्रेक में पहुंचाया। इसके बाद ट्रेन को कटनी स्टेशन की ओर रवाना किया गया। सफर के दौरान गार्ड ने कटनी जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक और रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
कटनी में मेडिकल टीम ने किया प्राथमिक उपचार
इंटरसिटी एक्सप्रेस के कटनी स्टेशन पहुंचने पर रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम और एम्बुलेंस तैयार थी। ट्रेन रुकते ही डॉक्टरों ने गार्ड ब्रेक में घायल यात्री का प्राथमिक उपचार शुरू किया और खून को बहने से रोकने के लिए उपाय किए। यात्री की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
मामले में कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि सुबह एक अज्ञात व्यक्ति रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला था। उसे इंटरसिटी ट्रेन से कटनी रेलवे जंक्शन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यात्री के बोलने की स्थिति में न होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किस ट्रेन से गिरा है और कहां से कहां जा रहा था।
