जबलपुर. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी अग्रणी महाविद्यालय, जबलपुर में हिन्दी विभाग के आचार्य एवं अध्यक्ष प्रोफेसर अरुण शुक्ल तथा महाविद्यालय के वॉर्डबॉय श्री अशोक ठाकुर की सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महाविद्यालय परिवार ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों की दीर्घ सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा एवं योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें स्नेहपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रोफेसर अलकेश चतुर्वेदी ससहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का अवसान अवश्य है, किंतु व्यक्ति के अनुभव, ज्ञान, संस्कार और आत्मीय संबंधों की यात्रा कभी समाप्त नहीं होती।
प्रोफेसर अरुण शुक्ल ने अपने दीर्घ शैक्षणिक जीवन में हिन्दी एवं भाषा-विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। प्रो. शुक्ल के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए वक्ताओं ने उनके कुशल मार्गदर्शक, प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता, लोकप्रिय, सहज एवं हँसमुख व्यक्तित्व को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने प्रशासनिक एवं अकादमिक दायित्वों का भी लंबे समय तक सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
वहीं श्री अशोक ठाकुर की सेवाओं को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महाविद्यालय की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोगी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। अपने दायित्वों के प्रति उनकी निष्ठा, सहज व्यवहार और सहयोग की भावना को महाविद्यालय परिवार सदैव स्मरण करेगा।
कार्यक्रम में डॉ. तृप्ति उकास, डॉ. प्रतिभा कुमार, डॉ. शैलप्रभा कोष्टा, डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. रितु रानी, डॉ. महेन्द्र कुशवाहा एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविश तमन्ना ताजिर एवं आभार प्रदर्शन डॉ. विपिन पटेल ने किया। इस अवसर डॉ. ए.सी.तिवारी, डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. मलय वर्मा, डॉ. मृत्युजंय सिंह, डॉ. राजेश शामकुंवर, डॉ. नीलू रघुवंशी, डॉ. विभा निगम के साथ महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, सहा.प्राध्यापक, अतिथि विद्वान एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
