khabar abhi tak

रेलवे में बंपर भर्ती : गार्ड, क्लर्क, टाइपिस्ट समेत हजारों पदों को भरने बोर्ड ने दी मंजूरी

नई दिल्ली। रेलवे में गार्ड (ट्रेन मैनेजर), सुपरवाइजर, क्लर्क और टाइपिस्ट आदि नान टेक्निकल पापुलर केटेगरी (एनटीपीसी) में भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में नान टेक्निकल पापुलर केटेगरी के तहत कुल 5,165 पदों पर केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (सीईएन) जारी करने को मंजूरी दे दी है।

इनमें ग्रेजुएट के 3,477 पद और अंडर ग्रेजुएट के 1,688 पद शामिल हैं। रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शत्रुघ्न बेहरा की ओर से 3 सितंबर 2026 को जारी पत्र में सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स को मंजूर पदों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2025 में भी एनटीपीसी के 8,875 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। भर्ती की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। इसके लिए रेलवे भर्ती बोर्ड को सभी क्षेत्रीय रेलवे के लिए देश भर से कुल लगभग 54,27,821 आवेदन मिले हैं।

गुड्स ट्रेन मैनेजर के सर्वाधिक पद

2026 की भर्ती में ग्रेजुएट श्रेणी में सबसे अधिक गुड्स ट्रेन मैनेजर के 2,750 पद मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा चीफ कामर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 56, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पद शामिल हैं।

अंडर ग्रेजुएट के इतने पदों पर होगी भर्ती

अंडर ग्रेजुएट श्रेणी में कुल 1,688 पद मंजूर किए गए हैं। इनमें ट्रेंस क्लर्क के 188, कामर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद शामिल हैं। रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को आनलाइन इंडेंटिंग एंड रिक्रूटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (ओआइआरएमएस) पोर्टल पर फाइनल इंडेंट जमा करने के लिए चरणबद्ध टाइमलाइन जारी की है।

15 सितंबर तक इंडेट पूरा करना होगा

इंडेंटिंग यूनिट्स को 7 सितंबर से 15 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद 16 से 22 सितंबर तक प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी स्तर पर, 23 से 25 सितंबर तक रेलवे भर्ती बोर्ड और 26 सितंबर से नोडल स्तर पर आगे की कार्रवाई होगी। बोर्ड ने साफ किया है कि फाइनल इंडेंट बोर्ड द्वारा मंजूर पदों की संख्या से अधिक नहीं होना चाहिए। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्लूएस आदि के लिए लागू आरक्षण नियमों का पालन अनिवार्य होगा।

रेलवे बोर्ड की ओर से वैकेंसी को मंजूरी दिए जाने के बाद अब भर्ती प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण सीईएन जारी होना है। रेलवे बोर्ड ने जूनियर इंजीनियर के रिक्त 2,570 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की है। रेलवे बोर्ड स्तर पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रेलवे बोर्ड ने देशभर में टिकट चेकिंग स्टाफ (टीटीई) की उपलब्धता और रिक्तियों की भी व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak