1800 के लक्ष्य के मुकाबले 1987 क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट ओपन, 1539 CTU में सफाई कार्य पूर्ण
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) अनुराग पाण्डेय के निर्देशन में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का आयोजन 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।
अभियान के तहत रेलवे बोर्ड द्वारा जबलपुर मंडल को निर्धारित 1800 क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट (CTU) के लक्ष्य को निर्धारित समयावधि में प्राप्त कर लिया गया है। मंडल के विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से निर्धारित लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए अब तक कुल 1987 CTU ओपन किए गए हैं, जिनमें से 1539 CTU में सफाई कार्य पूर्ण कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंद भी कर दिया गया है।10 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता
‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ को व्यापक जनभागीदारी एवं कर्मचारी सहभागिता के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान में अब तक 10,000 से अधिक रेलवे कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की है। कर्मचारियों द्वारा रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में विशेष स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है।
स्टेशनों से लेकर रेलवे कॉलोनियों तक विशेष स्वच्छता अभियान
अभियान के अंतर्गत जबलपुर मंडल के विभिन्न रेलवे परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कार्य पूर्ण होने के उपरांत संबंधित CTU को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बंद किया जा रहा है, जिससे स्वच्छता गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास
‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। जबलपुर मंडल के सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता, आपसी समन्वय एवं सामूहिक प्रयासों से अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्य से अधिक CTU में स्वच्छता गतिविधियों का संचालन इस अभियान के प्रति मंडल की सामूहिक प्रतिबद्धता एवं सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है।


