एसडीआरएफ में आपदा प्रबंधन कोर्स में भाग लिया गया
जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के भारत स्काउट एवं गाइड के सभी बच्चों द्वारा मंगलवार 1 सितम्बर को एसडीआरएफ में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की तथा अन्य लोगों की सुरक्षा करने के लिए आवश्यक प्राथमिक सहायता एवं बचाव तकनीकों की जानकारी देना था।प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को सीपीआर के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बच्चों ने सीपीआर (कृत्रिम श्वसन) करने की सही प्रक्रिया, आपात स्थिति में व्यक्ति की स्थिति को पहचानना तथा आवश्यकता पडऩे पर किस प्रकार सहायता प्रदान करनी चाहिए, इसका प्रायोगिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। साथ ही, बेहोश अथवा सांस न ले रहे व्यक्ति को प्राथमिक सहायता देने एवं कृत्रिम श्वसन की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।इसके अतिरिक्त, बच्चों को बाढ़ एवं जल-आपदा के समय बचाव के उपायों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। डूबते हुए व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से सहायता देने, स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा पानी में फंसे व्यक्ति के बचाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी गतिविधियों को ध्यानपूर्वक सीखा और आवश्यक प्रायोगिक अभ्यास भी किया।

