बताया गया है कि हनुमानताल क्षेत्र में रहने वाले बब्बा उर्फ मनोज सोनकर भानतलैया मेन रोड के किनारे लम्बे समय से पंडाल लगाकर भगवान गणेश जी की मूर्ति का निर्माण करते आ रहे है। आज रात 12.50 बजे के लगभग बब्बा पंडाल में गणेश जी की मूर्ति को अंतिम रुप दे रहे थे। इस दौरान मोटर साइकल से आए अज्ञात बदमाशों ने बब्बा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही बब्बा गिर गए। वहीं गोली चलते देख साथ में काम कर रहे युवकों में चीख पुकार मच गई, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। जिन्होने घायल बब्बा सोनकर को पहले हनुमानताल थाने पहुंचाया। जहां पर पुलिस कर्मियों ने देखा तो स्तब्ध रह गए, बिना देर किए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद बब्बा सोनकर को मृत घोषित कर दिया। बब्बा सोनकर की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर मिलते ही समाज के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घटना पर आक्रोश जताया। वहीं खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी निकाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, जिसके चलते पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुरानी रंजिश पर की है हत्या-
पुलिस को पूछताछ में कुछ लोगों ने बताया कि हनुमानताल क्षेत्र के मराठा समुदाय के लोगों के साथ पुरानी रंजिश चल रही है, जिसपर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगिल पर जांच की जा रही है। मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।