khabar abhi tak

पीएम सूर्य घर योजना से 39,897 घरों की छतों पर सौर ऊर्जा का उजियारा

145.30 मेगावाट रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित, 35713 उपभोक्ताओं को 277.09 करोड़ रुपये की सब्सिडी

जबलपुर. भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा संचालित “पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना” के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर स्वयं बिजली उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत योजना को लेकर उपभोक्ताओं में निरंतर उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 39,897 घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा कुल 145.30 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से 35713 उपभोक्ताओं को 277.09 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। वर्तमान में भी पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सब्सिडी का लाभ प्राप्त हो रहा है।

78 हजार रुपये तक की सब्सिडी

पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने पर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान दिया जा रहा है। 1 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78,000 रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में प्रदान की जा रही है।

ऑनलाइन आवेदन कर लगा सकते हैं सोलर प्लांट

योजना का लाभ लेने के इच्छुक मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के घरेलू उपभोक्ता pmsuryaghar.gov.in एवं smartbijlee.mpez.co.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उपभोक्ता डिस्कॉम द्वारा सूचीबद्ध अधिकृत वेंडर का चयन कर अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करवा सकते हैं।

सब्सिडी का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप DCR सोलर पैनल लगाना आवश्यक है। साथ ही DCR पैनल नंबर का सत्यापन किया जाता है। उपभोक्ता का नाम बिजली बिल एवं बैंक खाते में समान होना चाहिए। आवेदक को पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा। रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना एवं निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद स्वीकृत अनुदान राशि सीधे आवेदक के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है।

पांच वर्ष का रखरखाव भी शामिल

योजना के तहत अधिकृत वेंडर्स द्वारा लगाए जाने वाले सोलर पैनल एवं अन्य उपकरण भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विनिर्देशों के अनुरूप होते हैं। साथ ही वेंडर द्वारा स्थापित रूफटॉप सोलर प्लांट के पांच वर्ष के रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल है।

सौर ऊर्जा से बिजली बिल में होगी बचत

रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने से उपभोक्ता अपने घर की बिजली आवश्यकता का एक बड़ा हिस्सा स्वयं पूरा कर सकता है। सामान्य परिस्थितियों में 1 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र प्रतिमाह लगभग 120 से 150 यूनिट तक बिजली का उत्पादन कर सकता है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली खर्च में कमी लाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

कंपनी की उपभोक्ताओं से अपील

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने सभी पात्र घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे “पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना” का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करें। सौर ऊर्जा को अपनाकर उपभोक्ता अपने बिजली खर्च में कमी लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

योजना से संबंधित जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए उपभोक्ता pmsuryaghar.gov.in एवं smartbijlee.mpez.co.in पोर्टल पर संपर्क कर सकते हैं। रूफटॉप सोलर से संबंधित अन्य जानकारी कंपनी की वेबसाइट mpez.co.in पर भी उपलब्ध है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak