दमोह. एमपी के दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पशुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी पकड़ी। घटना राजघाट गांधी ग्राम स्थित गौंची नाला के पास हुई। ग्रामीणों ने वाहन में क्रूरतापूर्वक भरे 5 मवेशियों को बाहर निकालकर मुक्त कराया। वाहन जबलपुर से आ रहा था.
दो आरोपियों को पुलिस के हवाले किया
गुस्साए ग्रामीणों ने पिकअप क्रमांक एमपी20 जीबी 5169 में तोडफ़ोड़ भी की और वाहन में सवार दो आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, स्कॉर्पियो और बाइक पर सवार 10 से ज्यादा अन्य आरोपी भागने में कामयाब रहे।
मवेशी चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी
स्थानीय ग्रामीण सौरभ सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्हें तेजगढ़ से दमोह की ओर मवेशी ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहनों का पीछा किया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार मवेशी चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी है।
