khabar abhi tak

रेल मंडल में कर्मचारियों, परिजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने 15 दिवसीय वाटर क्वालिटी टेस्टिंग ड्राइव

2,705 जल नमूनों की जांच कर स्वच्छ पेयजल एवं स्वास्थ्य जागरूकता को दिया गया बढ़ावा

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल द्वारा रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से 18 अगस्त से 01 सितंबर 2026 तक 15 दिवसीय वाटर क्वालिटी टेस्टिंग ड्राइव आयोजित किया गया।

यह अभियान डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन में तथा डॉ. संदीप कुमार चौहान, मंडल चिकित्सा अधिकारी, जबलपुर मंडल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान जबलपुर मंडल की सभी रेलवे कॉलोनियों एवं स्टेशनों में जल गुणवत्ता की व्यापक जांच की गई। इस दौरान कुल 2,705 वाटर सैंपल लिए गए। इनमें 291 बैक्टीरियोलॉजिकल सैंपल लेकर उनकी जांच की गई, जबकि 2,414 जल नमूनों में अवशिष्ट क्लोरीन की ऑन-द-स्पॉट जांच की गई।

इस अभियान के माध्यम से जल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी के साथ-साथ रेलकर्मियों, उनके परिवारों एवं रेलवे परिसरों में रहने वाले रहवासियों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, सुरक्षित एवं स्वच्छ आहार तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, मच्छरजनित बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों और उपायों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

जबलपुर मंडल द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी अभियानों के माध्यम से रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए स्वस्थ, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak