नई दिल्ली. रेलवे में प्रस्तावित 10,939 पद खत्म करने की तैयारी शुरू हो गई हैं। साथ ही रेलवे में स्वीकृत 5,664 नए पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की मंजूरी भी मिल गई है। भारतीय रेलवे स्तर पर पदों के पुनर्गठन को लेकर वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने रेल मंत्रालय को महत्वपूर्ण सलाह दी है। 10 सितंबर, 2026 को जारी दस्तावेज में रेलवे द्वारा सरेंडर किए जाने के लिए प्रस्तावित पदों को समाप्त करने तथा स्वीकृत पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने का प्रस्ताव रखा गया है।
दस्तावेज के अनुसार, सरेंडर किए जाने वाले पद रेलवे के विभिन्न जोन और विभागों से संबंधित हैं। इनमें लेवल-1 से लेवल-5 तक के पद शामिल हैं। प्रस्तावित पदों में जनरल असिस्टेंट, हेल्पर, बेयरर, पोर्टर, एसी कोच अटेंडेंट, हास्पिटल अटेंडेंट/हाउसकीपिंग असिस्टेंट, टेक्नीशियन, कारपेंटर, क्लर्क सहित कई श्रेणियां शामिल हैं। लेवल-2 में कामर्शियल क्लर्क और स्टोर क्लर्क जैसे पदों का उल्लेख है। लेवल-3 में संबंधित क्लर्क श्रेणी के पद, जबकि लेवल-4 में जूनियर स्टेनोग्राफर और रनिंग रूम कुक आदि के पद हैं। लेवल-5 में विभिन्न ट्रेड के टेक्नीशियन ग्रेड-1, व्हीकल ड्राइवर तथा सीनियर कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क जैसे पद शामिल किए गए हैं।
दस्तावेज में दूसरी ओर रेलवे के लिए स्वीकृत 5,664 पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की सलाह दी गई है। प्रस्ताव के अनुसार पहले चरण में स्वीकृत पदों के 50 प्रतिशत यानी 2,832 पदों को भरा जा सकता है। इसके अलावा रेलवे में पहले से खाली पड़े 21,978 पदों को भी भरने का प्रस्ताव है। जब इन पदों की संख्या का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा भर जाए, तब शेष स्वीकृत पदों को दूसरे चरण में भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
स्वीकृत 5,664 नए पदों में लेवल-6 के 2,292 और लेवल-7 के 3,372 पद शामिल हैं। इनमें इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन, ट्रैफिक और स्टोर्स से जुड़े पद शामिल हैं। रेल मंत्रालय ने जितने पदों के सृजन का प्रस्ताव रखा था, व्यय विभाग ने उतनी ही संख्या में पदों को मंजूरी दी है। यानी, प्रस्तावित पदों में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है।
भारत सरकार के अवर सचिव नितिन जैन ने रेल मंत्रालय के प्रधान कार्यकारी निदेशक को संबोधित इस आशय से संबंधित पत्रावली जारी कर दी है। उन्होंने कहा है कि यह दस्तावेज वित्त मंत्री की मंजूरी से जारी किए जा रहे हैं। दरअसल, पदों को सरेंडर करने का प्रस्ताव और नए पदों की मंजूरी दो अलग-अलग प्रशासनिक प्रक्रियाओं का हिस्सा हैं। पदों के समाप्त किए जाने की सलाह को सीधे तौर पर नई भर्ती पर रोक के रूप में नहीं देखा जा सकता। इसी दस्तावेज में नए स्वीकृत पदों और मौजूदा रिक्तियों को चरणबद्ध तरीके से भरने की व्यवस्था का उल्लेख है।
लेवल 6 और 7 के इन पदों पर मिली है भर्ती की मंजूरी
सिविल इंजीनियरिंग : जूनियर इंजीनियर के 424 व सीनियर सेक्शन इंजीनियर के 860 पद।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग: जूनियर इंजीनियर के 364 व सीनियर सेक्शन इंजीनियर के 739 पद।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग: जूनियर इंजीनियर के 265 व सीनियर सेक्शन इंजीनियर के 537 पद।
सिग्नल एंड टेलीकाम : जूनियर इंजीनियर के 336 व सीनियर सेक्शन इंजीनियर के 683 पद
ट्रैफिक (आपरेटिंग): स्टेशन मास्टर/कंट्रोलर के 533 व स्टेशन सुपरिटेंडेंट/चीफ कंट्रोलर के 356 पद।
ट्रैफिक (कामर्शियल): चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 334 व कामर्शियल सुपरिटेंडेंट के 143 पद।
स्टोर्स : डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट के 36 और चीफ डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट के कुल 54 पद।
