इंस्टाग्राम पर चाकू लहराने वाला आरोपी जेल गया
जबलपुर। सोशल मीडिया के जरिए खुद को बड़ा बदमाश बताने की कोशिश करने वाले देहात के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट वायरल की थी, जिसमें वह चाकू लेकर खड़ा था। पुलिस ने पोस्ट की तहकीकात करने के बाद आरोपी युवक को धरदबोचा है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है।
तिलवारा पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर रील बनाकर दहशत फैलाने और खुलेआम अवैध बटनदार चाकू लहराने वाले एटाखेड़ा निवासी संजय उइके को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संजय कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर ' 2222 गैंग ' के नाम से वीडियो बनाकर इलाके में खौफ पैदा करने की कोशिश कर रहा था। सोशल मीडिया सेल की नजर आरोपी की गतिविधियों पर पड़ी, जिसके बाद तिलवारा पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कियाए जहां से उसे जेल भेजा। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
