स्वामी रामचंद्र दास जी का 87 वां जन्म दिवस भव्यता से संपन्न, धर्म सत्ता के आगे नतमस्तक हुआ संस्कारधानी का समाज
जबलपुर। हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट के संस्थापक स्वामी रामचंद्र दास जी महाराज का 87 वां वर्धापन दिवस दद्दा परिसर में विशाल संत समागम के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस पावन अवसर पर सनातन धर्म महासभा, अग्रवाल सभा, अग्रवाल सेवा समिति, चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल, विद्या भारती, रामलीला समिति और मानस मंडल पाटन सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों मंडलों ने पूज्य संतों का भावभीना वंदन किया। समारोह में जगतगुरु स्वामी नरसिंह देवाचार्य, महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरी, पूज्य ज्ञानेश्वरी दीदी, जगद्गुरु राजारामचार्य, स्वामी पागलानंद, चंद्रशेखरानंद, परमात्मानंद, वासुदेव शास्त्री, पं रोहित, पं देवेंद्र त्रिपाठी, सचिन देव, मुन्ना महाराज, प्रकाशानंद, मैत्री दीदी, रामजी शरण और स्वामी रामेश्वरानंद सहित 100 से अधिक पूज्य संतों की गरिमामयी उपस्थिति दर्ज हुई। मुख्य मंच पर पधारे सभी संतों का पाद्य-पूजन डॉ सुधीर अग्रवाल द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया।समारोह में आए भक्त समूहों और मंडलियों द्वारा प्रभु नाम की 108 प्रकार की विशेष धुनों की संगीतमय प्रस्तुति दी गई, जिससे समूचा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया। धर्म सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि लोक कल्याणकारी राज सत्ता सदैव संतों के दिखाए मार्ग पर चलकर ही सुदृढ़ बनती है, वहीं आज की युवा पीढ़ी अपनी जड़ों को पहचानते हुए तेजी से हिंदू संस्कृति के संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इस भव्य आयोजन का सुचारु संचालन रवि बाजपेई ने किया, जबकि सभी आगुंतक संतों और अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन शरद अग्रवाल ने किया। आयोजन स्थल पर सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय बिश्नोई, विधायक अभिलाष पांडे, हितानंद, डॉ प्रदीप दुबे, डॉ कैलाश गुप्ता, बृजकांत, प्रेम दुबे, डॉ जितेंद्र जामदार, संदीप जैन, रिंकू विज, श्याम साहनी तथा अशोक मनोदया सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


