khabar abhi tak

सर्राफा कारोबारी से 1.08 करोड़ की डकैती का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

सिवनी. एमपी के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में 3 सितंबर को जबलपुर-नागपुर नेशनल हाइवे-44 पर सर्राफा कारोबारी की आंखों में मिर्ची डालकर हुई 1 करोड़ 8 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि डकैती को अंजाम देने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आरोपियों से पूरा मशरूका बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गईं थीं।

3 सितंबर को हुई थी लूट

लखनवाड़ा निवासी सर्राफा कारोबारी योगेन्द्र बघेल 3 सितंबर को बंडोल बाजार से सोना-चांदी का व्यापार कर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे ग्राम भोंगाखेड़ा वेयर हाउस के पास नेशनल हाइवे-44 पर दो बाइक पर सवार सात अज्ञात आरोपियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक ने आंख में मिर्ची का पाउडर फेंका और अन्य ने चाकू दिखाकर प्रार्थी का सोना-चांदी एवं रुपए से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

सभी आरोपी गिरफ्तार, पूरा मशरूका बरामद

बैग में करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोना एवं नकदी मिलाकर कुल 1 करोड़ 8 लाख रुपये थे, जिसे बदमाश लूट कर ले गए थे। घटना के बाद प्रार्थी सर्राफा कारोबारी योगेन्द्र बघेल बंडोल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और एसपी ने पुलिस की 10 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस की टीमों ने नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित 200 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले एवं संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और पूरा मशरूका बरामद हुआ। पकड़े गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं जिन पर पहले से मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

जितेन्द्र उर्फ जित्तू, पिता माधव बंजारा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंजारा मोहल्ला, बंडोल (हत्या सहित 03 अपराध)

भूपेन्द्र पिता गौतम जंघेला, उम्र 20 वर्ष, निवासी बंधा, थाना बंडोल (04 अपराध)

योगेश पिता राजकुमार साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 07 समनापुर, थाना लखनवाड़ा (04 अपराध)

राज उर्फ आरव पिता राजू उइके, उम्र 20 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, छपारा (01 अपराध)

दुर्गेश पिता धनीराम नागोत्रा, उम्र 23 वर्ष, निवासी भैरोगंज, कोतवाली (03 अपराध)

आकाश पिता विजय डेहरिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, छपारा (02 अपराध)

आदित्य उर्फ सिद्धू पिता रविन्द्र लाहोरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी भैरोगंज, कोतवाली (09 अपराध)

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak