खबरहै कि एक युवक अपने परिवार के साथ मेडिकल में भरती अपने रिश्तेदार का हाल जानने के लिए आया था। युवक ने मुख्य गेट के पास स्टेंड में अपनी मोटर साइकल खड़ी कर दी, वापस लौटा तो स्टेंड संचालक ने यह कहते हुए 50 रुपए की मांग कर दी कि देर से आए हो। युवक ने यूपीआई से भुगतान करने की बात कही, लेकिन स्टैंड कर्मचारियों ने नकद रुपए देने को कहा। विवाद बढऩे पर स्टैंड कर्मचारी पियूष विश्वकर्मा युवक और एक एक्टिवा सवार महिला से बहस करने लगा। इसी दौरान एक युवक ने बेल्ट उतारकर बाइक लेकर खड़े युवक को मार दिया। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है। साइकिल स्टैंड संचालक से पूछताछ की जा रही है। जांच में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पार्किंग का निर्धारित शुल्क 10 रुपए है-
मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज की पार्किंग का निर्धारित शुल्क 10 रुपए है। वाहन निर्धारित समय से ज्यादा खड़े होने पर अतिरिक्त राशि मांगी जाती है। कुछ शिकायतों में 50 से 100 रुपए तक मांगने के आरोप भी लगाए गए हैं।