khabar abhi tak

WCR जीएम ने 6 रेलकर्मियों को उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार से किया सम्मानित, यहां देखें बहादुरों की सूची

जबलपुर। रेलवे द्वारा रेल परिचालन में उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और संरक्षा के प्रति जागरूकता दिखाने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में जुलाई 2026 माह के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे में ड्यूटी के दौरान सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले छह रेलकर्मियों को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह द्वारा उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

 जुलाई 2026 माह के पुरस्कृत कर्मचारियों में स्टेशन अधीक्षक (रतौना)/जबलपुर मंडल अनिल कुमार यादव, ट्रैकमैन (नरियावली)/जबलपुर मंडल विजेंद्र यादव, वरिष्ठ सहायक लोको पायलट (इटारसी)/भोपाल मण्डल राजकिरण मालवीय, वरिष्ठ तकनीशियन (सी एंड डब्लू,कोटा)/ कोटा मण्डल संजय कुमार, सहायक (सी एंड डब्लू,कोटा)/ कोटा मण्डल अभिमन्यु मीना एवं प्रधान आरक्षक (भरतपुर)/ कोटा मण्डल दर्शन सिंह शामिल हैं।

  पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में तैनात इन रेलकर्मियों ने विभिन्न रेल खंडों पर गश्त और ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल, लोको का अंडरगियर ट्रैक्शन, कोच के लोवर कन्ट्रोल आर्म, व्हीलसेट में शेलिंग और कोच में फायर जैसी तकनीकी खामियों को समय रहते पहचान लिया। इनके द्वारा त्वरित गति से की गई सुरक्षात्मक कार्रवाइयों एवं आवश्यक संरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में बड़ी सफलता मिली है। 

 
महाप्रबंधक श्री सिंह ने इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा प्रदर्शित की गई सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे सजग एवं समर्पित कर्मचारी पूरे ज़ोन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरमुखी एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर एकनाथ मोहकर, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी अजय कुमार पाल सहित सेफ्टी विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak