शिवपुरी. एमपी के शिवपुरी में चोरों ने सीधे विधायक के निवास परिसर को ही निशाना बना डाला, चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर वहां रखे आभूषण ले उड़े, लेकिन ये सभी नकली थे.
बताया जाता है कि इंदार थाना क्षेत्र अंतर्गत खतौरा गांव में शनिवार 1 अगस्त की तड़के चोरों ने कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव के निवास परिसर में डाला डाल दिया. यहां चोरों ने विधायक परिसर में बने गायत्री मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर के ताले चटका दिए. चोरों को लगा कि विधायक के मंदिर में तो असली सोने-चांदी की ही भरमार होगी. इसलिए वे बड़े चाव से गायत्री माता का हार और कड़े समेटकर चंपत हो गए. लेकिन ट्विस्ट यह है कि चोर जिन्हें असली सोना समझकर ले गए, वे आर्टिफिशियल (नकली) आभूषण थे.
ताला टूटा देख पुजारी घबराया
शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो दोनों मंदिरों के ताले टूटे मिले. पड़ताल करने पर पता चला कि गायत्री माता के आर्टिफिशियल हार और कड़े गायब हैं. ताज्जुब की बात यह रही कि चोरों ने मंदिर में रखे तीन दानपात्रों को छुआ तक नहीं है.
दानपत्र छोड़ नकली आभूषण लेकर फरार
चोरी के बाद चोरों ने विधायक के एक कर्मचारी की बाइक भी पार कर दी. रात में गश्त कर रही पुलिस टीम को जब संदिग्धों पर शक हुआ और उन्होंने पीछा किया, तो चोर घबराकर गांव के तालाब के पास बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते अंधेरे में गायब हो गए. पुलिस जांच में सामने आया कि मंदिर में हाथ साफ करने से पहले चोरों ने गांव के एक अन्य ग्रामीण के घर में भी घुसने की कोशिश की थी. बाउंड्री वाल फांदते वक्त उनकी यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं.
