जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से तकनीकी एवं व्यवस्थात्मक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं. जेडीए के सिविक सेंटर परिसर में जनसुविधा एवं विकास के दृष्टिकोण से मूलभूत सुधार आवश्यक है अवैध पार्किंग, ओपन किचिन एवं अवैध नशाखोरी पर रोक लगाई जाए साथ आवारा पशुओं की रोकथाम की जाए यह बात जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन के साथ मंगलवार 4 अगस्त को संपन्न बैठक में सिविक सेंटर क्षेत्र के व्यापारियों एवं कार्यालय संचालकों , अपेक्षितजनों द्वारा प्राप्त सुझावों में कही गई । इसके साथ ही स्वक्षता,पार्किंग, ड्रेनेज सिस्टम सुधार व्यवस्थित पार्किंग के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण सुझाव आए ।
जबलपुर विकास प्राधिकरण द्वारा सिविक सेंटर योजना 18 के ब्लॉक क्रमांक 8, 9 एवं 10 को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर एवं सर्वसुविधायुक्त बनाने के उद्देश्य से 4 अगस्त को अध्यक्ष संदीप जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक व्यापारियों एवं कार्यालय संचालकों की उपस्थिति संपन्न हुई।
बैठक में लिए गए निर्णयों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए जेडीए अध्यक्ष ने दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा कि सोसाइटी का अनिवार्य गठन किया जाए एवं प्राधिकरण के नियमानुसार जिन ब्लॉकों में 50त्न से अधिक इकाइयों का लीज आवंटन हो चुका है, वहाँ रहवासियों, व्यापारियों एवं कार्यालय संचालकों द्वारा 15 दिवस के भीतर सोसाइटी का गठन किया जाना अनिवार्य है। बुनियादी सुविधाओं (सफाई, मेंटेनेंस व सुरक्षा) का संचालन सोसाइटी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए साथ ही लीज नियमों का पालन एवं अतिक्रमण पर प्रतिबंध लगाया जाए, समस्त लीजधारी केवल अपने आवंटित (लीज) क्षेत्रफल पर ही काबिज रहें। स्वीकृत सीमा से अधिक अतिक्रमण पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। दुकानों के सामने एवं कॉरिडोर के आगे ठेले-टपरे लगाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। अतिक्रमण रोधी दस्ता सड़क की निर्धारित चौड़ाई बनाए रखने हेतु सतत कार्रवाई करेगा।
संदीप जैन ने बैठक में कहा कि मेंटेनेंस, ड्रेनेज एवं यातायात सुधार कर छतों/नालियों की नियमित सफाई एवं ड्रेनेज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु समिति का गठन कर कॉरिडोर की सीलन दूर करने हेतु तकनीकी टीम द्वारा सर्वे किया जाएगा। जलभराव एवं यातायात नियंत्रण हेतु स्ट्रक्चर डिजाइनर से परामर्श कर व्यवस्था लागू की जाएगी तथा चार पहिया वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी,
श्री जैन ने कहा कि बड़ी इमारतों में लिफ्ट का प्रावधान एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी, सामाजिक सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु ब्लॉकों में नियमित बैठकें आयोजित की जाएं ताकि आपसी संवाद बना रहे। जिन दुकानदारों ने दुकानें किराए पर दी हैं, वे अपने किरायेदारों का रिकॉर्ड रखें। शौचालयों व कॉरिडोर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े एवं अवैध गतिविधियों को नियंत्रित करने हेतु पुलिस प्रशासन के सहयोग से गश्त बढ़ाई जाए ।
जेडीए अध्यक्ष ने कहा कि इन सुधारों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाना तथा प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि करना है। प्राधिकरण द्वारा समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे कार्यों का निष्पादन अधिक सरल एवं पारदर्शी होगा।
जबलपुर शहर के समग्र विकास की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्राधिकरण आधुनिक शहरी नियोजन, गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी प्राथमिकता से कार्य कर रहा है। इन सुधारों से जनसुविधा का विस्तार होगा, विकास में गति आएगी तथा जबलपुर को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित महानगर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
