जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल द्वारा मल्टी-ट्रैकिंग एवं अधोसंरचना विकास कार्यों के साथ-साथ ट्रैक अनुरक्षण एवं नवीनीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से किया जा रहा है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन, प्रमुख मुख्य इंजीनियर के निर्देशन तथा इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से ट्रैक की मजबूती, विश्वसनीयता एवं रेल परिचालन की संरक्षा को और सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
रेल के प्रमुख ट्रैक घटकों में रेल, स्लीपर, फिश प्लेट, रेल फास्टनिंग, बैलेस्ट (गिट्टी) तथा टर्नआउट आदि शामिल हैं। ट्रैक नवीनीकरण एवं अनुरक्षण के अंतर्गत इन घटकों की आधुनिक मशीनों एवं निर्धारित मानकों के अनुसार जांच, अनुरक्षण तथा आवश्यकता के अनुरूप नवीनीकरण किया जाता है। इन कार्यों से ट्रैक की मजबूती, स्थिरता एवं विश्वसनीयता में वृद्धि होती है तथा रेल परिचालन की संरक्षा को और सुदृढ़ किया जाता है। इसके अंतर्गत सी.टी.आर. (Complete Track Renewal), टी.आर.आर. (Through Rail Renewal), टी.एस.आर. (Through Sleeper Renewal), टी.टी.आर. (Through Turnout Renewal) तथा डीप स्क्रीनिंग (Ballast Cleaning) जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं। इन कार्यों का उद्देश्य ट्रैक के विभिन्न घटकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखना, ट्रैक की ज्यामिति एवं स्थिरता सुनिश्चित करना तथा रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय बनाना है।
अप्रैल से जुलाई 2026 तक उल्लेखनीय प्रगति
पश्चिम मध्य रेल द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई 2026 के दौरान अनुरक्षण एवं ट्रैक नवीनीकरण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की गई है। इस अवधि में—
* 150 ट्रैक किलोमीटर रेल नवीनीकरण (टी.आर.आर.)
* 134 ट्रैक किलोमीटर स्लीपर नवीनीकरण (टी.एस.आर.)
* 214 इकाइयाँ टर्नआउट नवीनीकरण (टी.टी.आर.)
* 156 इकाइयाँ टर्नआउट डीप स्क्रीनिंग (ब्लॉस्ट क्लीनिंग)
* 150 ट्रैक किलोमीटर प्लेन ट्रैक डीप स्क्रीनिंग के कार्य पूर्ण किए गए हैं।
इन कार्यों के माध्यम से ट्रैक की संरचनात्मक मजबूती एवं रखरखाव गुणवत्ता को बेहतर करने के साथ-साथ रेल परिचालन की संरक्षा को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पश्चिम मध्य रेल में ट्रैक अनुरक्षण केवल नियमित रखरखाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रेल परिचालन की सुरक्षा, गति, स्थिरता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ा हुआ है। आधुनिक तकनीक, निर्धारित अनुरक्षण मानकों तथा अनुभवी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से ट्रैक नवीनीकरण कार्यों को गति दी जा रही है।
पश्चिम मध्य रेल अपने निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए संरक्षा से जुड़े प्रत्येक कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निष्पादित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
