पुलिस के अनुसार पनागर के ग्राम इमलई में रक्षाबंधन के दिन चौधरी परिवार के सदस्य व रिश्तेदार एकत्र हुए। राखी बांधने व बंधवाने के बाद सभी लोग खाना खा रहे थे, वहीं अभिषेक चौधरी घर के सामने शराब पी रहा था। इस दौरान सामने वाले मकान में रहने वाले रिश्ते के दादा प्यारेलाल चौधरी ने घर के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर अभिषेक से बात की, जिस पर दोनों के बीच विवाद होने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि अभिषेक ने दादा प्यारेलाल के साथ मारपीट कर धक्का-मुक्की कर दी। जिससे प्यारेलाल गिर गए और सिर पर गंभीर चोट आई। मारपीट होते देख परिवार के सभी लोग बाहर आ गए, जिन्होने किसी तरह अभिषेक को अलग किया और घायल प्यारेलाल को उठाकर पनागर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर प्यारेलाल की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर प्यारेलाल की देर रात 1.50 बजे के लगभग इलाज के दौरान मौत हो गई। प्यारेलाल की मौत से गांव में हड़कम्प मच गया, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया। पीएम रिपोर्ट में सिर पर अंदरुनी चोट आने से मौत होने का उल्लेख किया गया। वहीं पुलिस को पूछताछ में पता चला कि अभिषेक द्वारा की गई मारपीट व धक्कामुक्की से गिरने के कारण सिर में चोट आई थी। जिसपर पुलिस ने अभिषेक चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur