khabar abhi tak

तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 6 घायल, रीवा के गोविंदगढ़ की घटना

रीवा. एमपी के रीवा में रविवार की शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिहिया में तालाब के किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार अयोध्या के रहने वाले थे और छत्तीसगढ़ जा रहे थे। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि डिहिया के पास तेज रफ्तार कार के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर पलटते हुए तालाब के किनारे खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शी राहुल कुमार सोनी ने बताया कि वह गोविंदगढ़ स्थित अपने घर से संजय गांधी अस्पताल ड्यूटी के लिए आ रहे थे। रास्ते में डिहिया के पास उन्होंने हादसा देखा। कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई थी। उन्होंने मौके पर रुककर लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बिछिया की डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया। हादसे में छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल घायलों की पहचान की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak