जबलपुर। जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्रियों के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग के संयुक्त जांच दल ने पाटन और शहपुरा क्षेत्र में मिठाई व खोवा दुकानों पर आकस्मिक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 11 संदिग्ध नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए और 40 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग मिल्क केक जब्त किया गया।जांच दल ने सबसे पहले पाटन क्षेत्र की 5 प्रसिद्ध दुकानों की पड़ताल की। इनमें बड्डू स्वीट्स, संदीप खोवा, राजू स्वीट्स, जुगल स्वीट्स और मदन स्वीट्स शामिल हैं। इन प्रतिष्ठानों से खोवा एवं विभिन्न मिठाइयों के 7 नमूने लिए गए। इसी दौरान एक दुकान में अमानक रूप से रखा 40 किलोग्राम एनालॉग मिल्क केक पाया गया, जिसे दल ने तुरंत मौके से जब्त कर लिया।
टीम ने मिठाई दुकानों के सैम्पल लिए
इसके बाद प्रशासनिक दल शहपुरा पहुंचा और भेड़ाघाट चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स का सघन निरीक्षण किया। यहां से भी मिठाइयों के 4 नमूने लिए गए। सभी एकत्रित नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को दुकानों में साफ-सफाई रखने, निर्माण स्थल पर स्वच्छता बरतने और केवल उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री ही बेचने की कड़ी चेतावनी दी। आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जिले भर में यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
