मंडला. जिले के निवास थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम कोर्ट परिसर के सामने तेज रफ्तार मारुति ईको वैन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ने वैन को पीछे किया और फिर आगे बढ़ाकर दोनों युवकों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में हादसे का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए थे। इसके बाद वैन चालक ने वाहन पीछे किया और दोबारा आगे बढ़ाकर युवकों को चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
दोनों युवक गंभीर, जबलपुर रेफर
हादसे में ग्राम हरीसिंगौरी निवासी सूरज आर्मो (22) और अखिलेश कुरवेती (16) घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को निवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे ने बताया कि हादसा शनिवार शाम करीब 4.30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरार चालक की तलाश के लिए नाकाबंदी कराई गई। पुलिस के अनुसार चालक कुंडम मार्ग पर मेहरा सिवनी के पास मारुति वैन छोड़कर फरार हो गया।
चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से वैन को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
