बताया गया है कि विकास उर्फ विजय जैन उम्र 45 साल निवासी चमेली चौक ने नमक मंडी में रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर राखी की दुकान लगाई थी। लोह के टेंट में लगी दुकान के लगाए गए वायर कटे होने से अचानक करंट फैल गई। जैसे ही विकास ने लोहे का खम्बा पकड़ा जोरदार करंट लगा और वे गिर गए। विकास को करंट लगते ही देख दुकान के बाहर खड़े ग्राहकों सहित अन्य लोगों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी बाहर आ गए। जिन्होने विकास को देखा तो तत्काल ही बिजली की सप्लाई बंद कराई और विकास को उठाकर सागर के जिला अस्पताल ले गए। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद विकास को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। घटना के बाद राखी बाजार की चहल पहल सन्नाटे में तब्दील हो गई थी। दुकानदारों में घटना के बाद दहशत व्याप्त रही।
Tags
sagar