khabar abhi tak

एमपी पुलिस के एएसआई ने सरकारी आवास में फांसी लगाकर किया सुसाइड गमछे के फंदे पर लटके मिले

भिंंड. मध्य प्रदेश के भिंड शहर के ट्रैफिक थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) देवेंद्र सिंह जादौन (48) ने सोमवार सुबह अपने सरकारी क्वार्टर में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला, जब वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। साथी पुलिसकर्मी उन्हें बुलाने क्वार्टर पहुंचे तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर एएसआई फंदे पर लटके मिले।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना और ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और सीएसपी निरंजन राजपूत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सिंह जादौन मुरैना जिले के तेतरा गांव के निवासी थे। वे वर्ष 2024 से भिंड ट्रैफिक थाना में पदस्थ थे। उनका परिवार ग्वालियर में रहता है, जबकि वे भिंड में सरकारी आवास में अकेले रह रहे थे।

बेटी की शादी की चल रही थी तैयारी

बताया गया है कि एएसआई जादौन की तीन बेटियां हैं। एक बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि दूसरी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार आगामी चार-पांच माह में विवाह की तिथि तय करने की प्रक्रिया में था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak