जबलपुर। पाटन थानान्तर्गत ग्राम सहसन में आज उस वक्त मातम छा गया, जब मुरम खदान में डूबने से अभिषेक लोधी नामक किशोर की मौत हो गई। अभिषेक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा,वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने जबलपुर-पाटन रोड पर शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम सहसन में आज अभिषेक लोधी उम्र 15 वर्ष अपने भाई अंशु के साथ घर लौट रहा था। इस दौरान सड़क किनारे से गुजरते वक्त पैर फिसलने से मुरम खदान में भरे पानी में नहाने चला गया। जहां पर अभिषेक गहराई में जाकर डूब गया। अभिषेक को डूबते भाई अंशु घबरा गया, उसने घर पहुंचकर परिजनेां को खबर दी। जिसपर परिजनों सहित गांव के लोग पहुंच गए। जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अभिषेक को निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल रहा। घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घटना पर आक्रोश जताते हुए गांव के बाहर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। परिजनों का आरोप था कि अवैध रुप से खदान के खोदे जाने से हादसा हुआ है। शव रखकर प्रदर्शन किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए थे। जिन्होने गांव के लोगों से चर्चा कर जांच करते हुए कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान जबलपुर-पाटन मार्ग पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही।