जबलपुर। केंट क्षेत्र में अपने दोस्त दीपांश जैन से मिलने आए ईशान त्रिपाठी व उसके दोस्तों पर कार से आए वेदांत सोनी व उसके साथियों ने हमला कर दिया। अचानक किए गए हमले में तीन युवकों के शरीर पर चोटें आई है। हमले में घायल ईशान ने आज थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार ईशान त्रिपाठी उम्र 28 वर्ष निवासी साउथ सिविल लाईन अपने दोस्त यशराज परिहार व कुशाग्र पाल मैथ्युस के साथ अपने स्कू ल के समय के साथी दीपांश जैन के घर बातचीत करने गए थे। चारों दोस्त जब आपस में बातचीत कर रहे थे। इस दौरान वेदांत सोनी आया और रुपयों की मांग करने लगा, ईशान ने रूपये देने से मना किया। कुछ देर बाद वेदांत के अन्य साथी कार से पहुंच गए, इन सभी ने मिलकर ईशान पर हमला कर दिया। ईशान पर हमला होते देख कुशाग्र व यशराज परिहार बीच बचाव करने आए तो उनपर भी हमला कर दिया। ईशान व उसके दोस्त कुशाग्र व यश पर हमला होते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर अन्य लोग भी घरों से बाहर आ गए, जिन्हे देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घायलों को परिजनों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उपचार के बाद आज युवकों ने थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने धारा 296(ए), 115(2),119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।