जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के मदनमहल रेलवे स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधन की उदासीनता की वजह से मुख्यद्वार धोबीघाट बन गया है। प्लेटफॉर्म पर जैसे-तैसे कपड़े धोकर उन्हें मुख्यद्वार पर सुखाया जा रहा है। ऐसे हालात में बारिश के दिनों संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। गौरतलब है कि इस स्टेशन से नई गाड़ियां शुरू की जा रही है, और ऐसे हालात रेलवे की कार्यशैली पर सवाल पैदा कर रही है।
मदनमहल रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 1 के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इस प्लेटफॉर्म को अपग्रेड करने का कार्य भी चल रहा है। ऐसे हालात में स्टेशन प्रबंधन की निगरानी नहीं होने से मनमानी की जा रही है। प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों का खुलेआम प्रवेश हो रहा है।
प्लेटफॉर्म छोर पर कपड़ों की धुलाई
जानकारों का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर लगे पेयजल के नलों के पानी से कपड़े धोए जा रहे हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर फिसलन पैदा हो रही है। इसके साथ ही इस जगह पर फर्श खराब होने की स्थिति में पहुंच रहा हे।
मुख्यद्वार की रेलिंग पर सुखाए जा रहे कपड़े
मदनमहल रेलवे स्टेशन के मुख्य प्लेटफॉर्म नंबर एक पर दिव्प्यांगों के आने-जाने के लिए बनाए गए रैम्प की रेलिंग पर कपड़े सुखाए जा रहे हैं। इन कपड़ो से टपक रहे पानी से दुर्गंध पैदा हो रही है। उधर, हालत यह है कि इस जगह से दिव्यांग न जाकर सीढ़ियों से ही आ-जा रहे हैं।
