राहगीरों के लिए पैदल चलना हुआ मुश्किल, बाजार क्षेत्रों में तय हो सख्त ट्रैफिक रूट, अनियंत्रित वाहनों पर तत्काल लगे भारी जुर्माना
जबलपुर। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र गलगला चौक पर रविवार के दिन अनियंत्रित ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण भीषण जाम लग गया। इस दौरान सैकड़ों राहगीर, दोपहिया वाहन चालक और स्थानीय व्यापारी कई घंटों तक फंसे रहे। संकरी सड़कों पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों ने पैदल चलने वालों का रास्ता पूरी तरह रोक दिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी अव्यवस्था के बावजूद मौके पर यातायात पुलिस का एक भी जवान तैनात नहीं था। चौराहों पर सिग्नल व्यवस्था न होने और पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी ने हालात को और बदतर बना दिया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या किसी 1 दिन की नहीं है, बल्कि यहां हर रोज सुबह से शाम तक ऐसे ही हालात बने रहते हैं।
सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बढ़ी गंभीर समस्या
बाजार में खरीदारी करने आए ग्राहकों के वाहन मनमाने ढंग से खड़े होने से मार्ग बेहद संकरा हो गया। सवारी बैठाने की होड़ में चालक बीच चौराहे पर ही गाड़ियां रोक देते हैं, जिससे आपातकालीन वाहनों को भी निकलने की जगह नहीं मिल पाती। लोडिंग वाहनों की बेतरतीब आवाजाही ने स्थिति को और पेचीदा कर दिया।
यातायात सुधार के लिए ठोस कदम जरूरी
क्षेत्रीय निवासियों ने मांग की है कि प्रमुख मोड़ों पर नियमित बल की तैनाती की जाए और तय रूट नियम सख्ती से लागू हों। निर्धारित स्टॉपेज बनने तथा समय सीमा तय होने से ही राहत संभव है। प्रशासन द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने से जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है, जिससे निपटने के लिए स्थायी योजना तुरंत बनानी होगी।


