शहडोल. मघ्य प्रदेश में बुधवार की सुबह उस समय एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब कटनी से शहडोल आ रही बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस एक रेड सिग्नल तोड़कर आगे बढ़ गई। ट्रेन के इंटरमीडिएट ब्लॉक स्टॉप यानी आईबीएस सिग्नल को पार करने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लिया। शहडोल स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
घटना बंधवाबारा और शहडोल के बीच इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल (आईबीएस) पर हुई। यह सिग्नल दो स्टेशनों के बीच लंबे रेलखंड को छोटे ब्लॉकों में बांटता है। इससे एक ही दिशा में चलने वाली ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद मिलती है। इस व्यवस्था में पटरी पर ट्रेन की मौजूदगी का पता लगाने के लिए एक्सल काउंटर जैसे उपकरणों का उपयोग किया जाता है। जिसके आधार पर सिग्नल की स्थिति नियंत्रित होती है। घटना की जानकारी लगते ही बिलासपुर रेल मंडल ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
