गढ़ा पुलिस ने बताया कि मुजावर मोहल्ला निवासी पिंटू सुल्तानी उर्फ पिंटू की समीर खान से पुरानी रंजिश चल रही है। जिसके चलते वह हर वक्त समीर से बदला लेने की फिराक में रहता था। वह वारदात को अंजाम देता इससे पहले किसी मामले में जेल चला गया लेकिन जेल जाने से पहले पिंटू ने समीर को धमकी दी थी कि बाहर निकलते ही जान से मार देगा। दो दिन पहले पिंटू जेल से बाहर आया और अपने साथी अजय खान व एक अन्य के साथ समीर की तलाश में जुट गया। बीती देर रात पिंटू व उसके दो साथियों ने समीर पर उस वक्त हमला कर दिया जब वह अपने दोस्त के साथ गढ़ा क्षेत्र में घूम रहा था। हमले में समीर के शरीर पर गंभीर चोटें आई। समीर पर हमला होते देख साथी ने बीच बचाव किया तो उसपर भी वार किया। हमले में घायल समीर को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया। पुलिस ने मामले में पिंटू सुल्तानी व उसके दो साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी और आज सुबह पिंटू को दबिश देकर पकड़ लिया। पुलिस अब उसके दोनों साथियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।