khabar abhi tak

घरवालों से नाराज होकर घर से भागी किशोरी सतना स्टेशन पहुंची, 92 हजार रुपये भी मिले, जीआरपी ने सुरक्षित घरवालों को सौंपा

सतना. रेल मंडल के सतना स्टेशन पर जीआरपी ने ईमानदारी व कत्र्तव्यनिष्ठा मिसाल पेश की है। दरअसल प्लेटफार्म पर एक नाबालिग किशोरी स्टाफ को दिखी, जिससे पूछताछ की तो पता चला कि वह सागर जिले की है और अपने घर वालों से नाराज होकर भाग कर ट्रेन में बैठकर सतना पहुंच गई. जिस पर जीआरपी ने तत्काल ही उसे अपनी सुरक्षा में लिया और थाना ले गई, जहां पर उसके पास से 92 हजार रुपये नगद भी मिला।

जीआरपी के मुताबिक रेलवे स्टेशन सतना में नियमित चेकिंग के दौरान 3 अगस्त की देर शाम सागर जिले से अपने घर में बिना बताए गुस्सा होकर निकली एक नाबालिग बालिका जब बदहवास और असुरक्षित स्थिति में सतना स्टेशन पर घूम रही थी, तब जीआरपी की चौकस ड्यूटी टीम ने उसकी मनोस्थिति को तत्परता से समझा और उसे अपने संरक्षण में लिया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने बालिका को अपने स्वयं के बच्चे की तरह दुलारकर सांत्वना दी, भोजन कराया और सुरक्षित माहौल देकर महिला प्रधान आरक्षक शीलू तिवारी के संरक्षण में जीआरपी चौकी सतना लाया गया। 

परिजनों को दी सूचना

इसके तुरंत बाद परिजनों से संपर्क कर उन्हें बालिका के सुरक्षित होने की सूचना दी गई, जिस पर घबराए परिजन तत्काल सतना पहुंचे। इस पूरी कार्यवाही का सबसे अनुकरणीय पहलू यह रहा कि बालिका अपने साथ घर से 92 हजार रुपये नकद राशि भी ले आई थी, जिसे जीआरपी टीम ने पूर्ण ईमानदारी एवं पारदर्शिता दिखाते हुए बालिका के साथ ही उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी रोती-बिलखती बेटी और पूरी धनराशि को पूरी तरह सुरक्षित पाकर परिजनों का हृदय भर आया और उन्होंने जीआरपी सतना का अत्यंत आभार व्यक्त किया। यह अत्यंत सराहनीय एवं संवेदनशील कार्यवाही जीआरपी चौकी सतना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश राज के कुशल मार्गदर्शन में महिला प्रधान आरक्षक शीलू तिवारी, आरक्षक पपनीस कुमार एवं आरक्षक बिट्टू यादव द्वारा पूर्ण निष्ठा के साथ संपादित की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak