khabar abhi tak

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान : सुहागी में निगमायुक्त ने की बैठक

जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को जनहितैषी योजनाओं का सीधा, पारदर्शी एवं त्वरित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ की तैयारियाँ जबलपुर नगर निगम द्वारा युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दी गई हैं। ​अभियान की श्रृंखला में आज नगर निगम आयुक्त  राम प्रकाश अहिरवार द्वारा संभाग क्रमांक 15 सुहागी के अंतर्गत 7 अगस्त को आयोजित होने वाले आगामी शिविर की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। तत्पश्चात् उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ वार्डों का विस्तृत भ्रमण कर जनसुविधाओं का जायज़ा लिया।

​क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर आयोजन से पूर्व एवं दौरान पूरे क्षेत्र में स्वच्छता का उच्च स्तर बनाए रखा जाए। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने, पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने तथा लोककर्म विभाग से संबंधित आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए।

योजनाओं की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना है। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएँगे, जहाँ नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर लंबित प्रकरणों का मौक़े पर ही निराकरण किया जाएगा।

समीक्षा बैठक के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों में विधायक प्रतिनिधि अरुण सैनी, एम आई सी सदस्य डॉ सुभाष तिवारी, पार्षद गार्गी रामकुमार यादव, मथुरा प्रसाद चौधरी, योगेंद्र ऊके, लक्ष्मी लक्ष्मण गोटिया एवं अंजना मनीष अग्रहरि उपस्थित रहीं। अपर आयुक्त  देवेंद्र सिंह चौहान,  मनोज श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री  कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री  जागेंद्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी  अभिनव मिश्रा, अतिक्रमण अधिकारी  केके रावत उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak