khabar abhi tak

गोदान एक्सप्रेस में देर रात गर्भवती महिला की बिगड़ी तबियत, जबलपुर स्टेशन पर मिला त्वरित उपचार, अस्पताल में भर्ती

जबलपुर। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ जा रही गोदान एक्सप्रेस में देर रात एक गर्भवती महिला यात्री की अचानक तबियत बिगड़ गई, जैसे ही रेल प्रशासन को इसकी जानकारी लगी, वैसे ही ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर रेल कर्मचारियों ने त्वरित उपचार मुहैया कराया और उसकी हालत देखते हुए एल्गिन हास्पिटल भेजकर एडमिट भी कराया.

बताया जाता है कि  रेल मदद 139 के माध्यम से रेल प्रशासन को सूचना प्राप्त हुई कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) से गोरखपुर जा रही गाड़ी संख्या 11055 गोदान एक्सप्रेस के कोच एस-7, बर्थ संख्या 12 पर यात्रा कर रही लगभग नौ माह की गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना प्राप्त होते ही जबलपुर स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा ने बिना विलंब रेलवे चिकित्सालय से संपर्क कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुँचते ही रेलवे चिकित्सक डॉ. राम्या अपनी टीम, जिसमें नर्स आरती एवं महिमा शामिल थीं, के साथ मौके पर पहुँचीं और महिला यात्री का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण किया।

चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने बिना समय गंवाए रेलवे एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को सुरक्षित रूप से रानी दुर्गावती अस्पताल, जबलपुर भेजा, जहाँ उनका आगे का उपचार प्रारंभ कराया गया। महिला यात्री रागिनी (26 वर्ष) अपने पति एवं एक छोटे बच्चे के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ जंक्शन की यात्रा कर रही थीं।

महिला के परिजनों ने जबलपुर रेल मंडल, रेलवे चिकित्सकीय टीम तथा रेल मदद 139 की त्वरित एवं मानवीय सहायता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर मिली रेलवे की सहायता से उन्हें कठिन परिस्थिति में बड़ा संबल मिला और उनका रेलवे के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak