khabar abhi tak

पमरे महाप्रबंधक ने भोपाल मंडल के विभिन्न रेल परिसरों एवं रेलखंड का किया निरीक्षण

कोच अनुरक्षण सुविधाओं, स्मार्ट पिट लाइटिंग सिस्टम, रेलखंड, पुलों एवं स्टेशनों का लिया जायजा

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने शनिवार 08 अगस्त 2026 को भोपाल मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेल परिसरों, कोच अनुरक्षण सुविधाओं, स्टेशनों एवं रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं, अनुरक्षण व्यवस्था तथा रेल आधारभूत संरचनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक श्री सिंह ने अपने निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मंडल प्रशिक्षण केंद्र से की। उन्होंने यहां स्थापित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) केंद्र का उद्घाटन किया। इस सुविधा से रेलवे की विभिन्न परीक्षाओं एवं चयन प्रक्रियाओं को आधुनिक एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में सुविधा होगी।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने आईओएच (IOH–Intermediate Overhauling) सुविधा का निरीक्षण किया तथा यहां विकसित एकीकृत कोच अनुरक्षण सुविधा (Integrated Coach Maintenance Facility)) का उद्घाटन किया। इस आधुनिक सुविधा से कोचों के अनुरक्षण कार्य को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपादित करने में मदद मिलेगी।

रानी कमलापति कोचिंग डिपो में स्मार्ट पिट लाइटिंग सिस्टम का उद्घाटन

महाप्रबंधक ने रानी कमलापति कोचिंग डिपो में स्मार्ट पिट लाइटिंग सिस्टम का उद्घाटन किया। यह प्रणाली ट्रेन की उपस्थिति के अनुसार पिट लाइन की लाइटिंग को स्वचालित रूप से नियंत्रित करती है। ट्रेन के पिट में प्रवेश करते ही संबंधित लाइटें स्वत: चालू तथा ट्रेन के निकलने एवं पिट खाली होने पर स्वत: बंद हो जाती हैं।

स्मार्ट प्रॉक्सिमिटी सेंसर एवं पीएलसी आधारित कंट्रोल सिस्टम से संचालित यह व्यवस्था डिपो की पिट संख्या 8, 9 एवं 10 में लागू की गई है तथा रेलवे बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक प्रकाश स्तर सुनिश्चित करती है।

इस स्मार्ट व्यवस्था से प्रतिवर्ष लगभग 88,000 यूनिट विद्युत ऊर्जा की बचत होने का अनुमान है, जिससे लगभग 8.27 लाख प्रतिवर्ष की विद्युत लागत की बचत होगी। लगभग ?1.50 लाख की लागत से विकसित इस प्रणाली का अनुमानित पे-बैक पीरियड करीब दो माह है। यह पहल ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं पर्यावरण-अनुकूल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के साथ भोपाल मंडल की सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी।

रानी कमलापति-कुरावर रेलखंड का निरीक्षण

-इसके पश्चात महाप्रबंधक ने परख निरीक्षणयान से रानी कमलापति-कुरावर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक, रेल परिसंपत्तियों एवं संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

राजगढ़ सिटी-ब्यावरा राजगढ़ रेलखंड में पुलों एवं स्टेशन का निरीक्षण

महाप्रबंधक ने कुरावर से ब्यावरा-राजगढ़ के मध्य रेलखंड में विभिन्न महत्वपूर्ण रेल संरचनाओं का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम उन्होंने आरओबी-17 का निरीक्षण किया तथा इसकी संरचना एवं अनुरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद महाप्रबंधक ने राजगढ़ सिटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था एवं स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने नेवाज ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की संरचना एवं अनुरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद ब्रिज संख्या 263-ए का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री सिंह ने रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैक, पुलों, स्टेशन परिसरों एवं अनुरक्षण सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रेल परिसंपत्तियों का नियमित निरीक्षण एवं अनुरक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण एम. एस. हाशमी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak